मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत 351 जोड़ों की होगी शादी

आजमगढ़। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए शासन की तरफ से शादी की तारीख निर्धारित कर दी गई है। 14 नवंबर को पांच ब्लाकों व जिला मुख्यालय के आइटीआइ कैंपस हर्रा की चुंगी में एक साथ 351 जोड़ों की शादी कराई जाएगी। इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारियों व नगर निकायों को एक साथ रजिस्ट्रेशन करने का फरमान जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह की तरफ से जारी कर दिया गया है, शादी की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं। विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को जी-जान से जुटने के लिए कहा गया है।


          जनपद में इस बार शासन की तरफ से 351 जोड़ों की शादी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि अब तक 382 जोड़ों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। इसमें मिर्जापुर ब्लाक में 39, कोयलसा में 34, मेहनगर में 41, ठेकमा में 75, फूलपुर में 40 व नगर
के आइटीआइ में 151 जोड़ों की शादी एक साथ होगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार यादव ने बताया कि सामूहिक विवाह मुख्यमंत्री के प्राथमिक कार्यक्रमों में से एक है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। जिलाधिकारी के आदेश से सभी अफसरों व कर्मचारियों को अवगत करा दिया गया है। शादी की सारी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई
हैं। रजिस्ट्रेशन का कार्य भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है।


                 हर बार की तरह इस बार भी व्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि पंजीकृत जोड़ों के सापेक्ष धनराशि निकाय को
उपलब्ध करा दी गई है। 51 हजार प्रति जोड़ा निर्धारित है। इसमें 35 हजार प्रति जोड़ों की दर से कन्या के खाते में अंतरित की जाएगी। विवाह में कपड़े, बिछिया, पायल व बर्तन के लिए 10 हजार प्रति जोड़ों पर खर्च होगा। योजन में छह हजार प्रति जोड़ों की दर से व्यय किए जाने का निर्देश है। 51 हजार प्रति जोड़ों की दर से जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा ई-कुबेर के माध्यम से संबंधित निकाय द्वारा उपलब्ध कराए गए खाते में अंतरित की जाएगी। वहीं 35 हजार प्रति जोड़ों की दर से धनराशि कन्या के खाते में अंतरित कराई जाएगी।