लखनऊ।गुरुद्वारा गुरु पर्व कमेटी द्वारा गुरु नानक देव का 550 वां प्रकाश पर्व लखनऊ के विभिन्न गुरुद्वारा साहिब में बड़ी श्रद्धा एवं सत्कार के साथ मनाया जा रहा है।
गुरुद्वारा यहियागंज के सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि कमेटी के चेयरमैन डॉ गुरमीत सिंह के संयोजन में चार दिवसीय कार्यक्रम दूसरे दिन प्रात 5:00 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत हुई रागी भाई वीर सिंह और भाई गुरमीत सिंह ने शबद कीर्तन द्वारा संगतों को निहाल किया।
सिंह साहब ज्ञानी जसविंदर सिंह ने गुरु नानक देव के जीवन पर प्रकाश डाला। हेड ग्रंथी ज्ञानी परमजीत सिंह ने सिंह साहब को गुरु घर का सत्कार शाल व सिरोपा भेंट किया। ज्ञानी जसविंदर सिंह ने सभी संगतो को प्रकाश पर्व की बधाई दी। 


इस अवसर पर संगतों को 550 तुलसी के पौधे वितरित किये गए।सुबह 10:00 बजे दीवान की समाप्ति पर गुरु का अटूट लंगर एवं मिष्ठान प्रसाद वितरित किया गया। शाम को गुरुद्वारा चंदरनगर में विशेष कवि दरबार का आयोजन हुआ जिसमें सिख जगत के विश्व विख्यात कवियों ने भाग लिया।