लखनऊ।राजधानी के कैण्ट विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी दिलप्रीत सिंह ने बुद्धवार को चारबाग़ के एक होटल में प्रेसवार्ता में बताया कि विगत कई दशकों से लगातार भाजपा का सांसद लखनऊ से निर्वाचित होता आ रहा है बहुसंख्यक विधायक एवं नगर निगम के मेयर की कुर्सी पर भाजपा के नेता काबिज हैं, आज समाज में झूठ का मिथ्या प्रचार किया जा रहा है। प्रदेश की राजधानी जहां विकास से दूर होती जा रही है वहीं सड़क, सफाई, पेयजल, बिजली आदि मूलभूत आवश्यकताओं के लिए तरस रही है। कैण्ट क्षेत्र में यहां के भाजपा विधायकों ने सिर्फ यहां की जनता को धोखा देने का काम किया है।
राजधानी लखनऊ में सड़कें गड्ढामुक्त के बजाय गड्ढायुक्त हो गयी हैं। राह चलना दूभर हो गया है। आवारा पशुओं के चलते सड़कों पर रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर के चलते बीमारियां फैल रही हैं। राजधानी में मच्छरजनित डेंगू से आईएएस अधिकारी तक उसकी चपेट में हैं और जान पर बन आई है। जनता भाजपा सरकार के झूठ और फरेब से त्रस्त है और बदलाव चाहती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वच्छता और गड्ढामुक्त सड़कों के नाम पर जनता से लगातार झूठ बोल रहे हैं और डेंगू की बीमारी से लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। कैण्ट क्षेत्र में सैंकड़ों लोग डेंगू के बुखार से पीड़ित होकर जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रहे हैं।
सत्ता में बैठे लेाग चुनावी जनसभाओं में बड़े-बड़े वादे करते हैं लेकिन आज कैण्ट की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। आज राजधानीवासी ध्वस्त कानून व्यवस्था के चलते भयभीत हैं। रोजाना कहीं न कहीं हत्या, लूट, डकैती की घटनाएं हो रही हैं। कैण्ट में विगत दिनों एक गरीब की हत्या हो जाने पर आज तक मुआवजा नहीं दिया गया है। युवा वर्ग में निराशा और आक्रोश व्याप्त है।उन्होने कहा कि क्षेत्र में उनके द्वारा किये जा रहे जनसम्पर्क के दौरान आम जनता में कांग्रेस के प्रति काफी रूझान देखने को मिल रहा है और जनता भाजपा की नीतियों और झूठ से आक्रोशित है। जनता को केन्द्र की साढ़े पांच वर्ष व यूपी की ढाई वर्ष की भाजपा सरकार ने नजरंदाज किया है। बेरोजगारी से युवा परेशान है, मझोले और छोटे व्यापारियों का व्यापार बर्बाद हो चुका है। सत्ता में आने के लिए भाजपा ने झूठ और फरेब का सहारा लिया है। बेहतर कानून व्यवस्था के नाम पर सत्ता में आयी भाजपा सरकार के शासन में आज कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। महिलाएं असुरक्षित हैं। भाजपा सरकार सरकारी महकमे को पूरी तरह से इस्तेमाल करके लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है लेकिन जनता अब बीजेपी की नीतियों को जान चुकी हैं।
भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते ही आज पूरे देश में हर क्षेत्र में मन्दी आ रही हैं। पेट्रोल, डीजल, सब्जियों, दालों के दाम आसमान छू रहे हैं। आज हमारे प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है, व्यापारी सरकार की गलत नीतियों के चलते अपना व्यापार गंवा रहे है। सरकारी कर्मचारी आये दिन सड़कों पर उतर रहे हैं। कैण्ट प्रत्याशी ने कहा कि कैण्ट की जनता के बीच वह काफी समय से काम कर रहे थे और यदि इस बार आर्शीवाद उन्हें मिला तो वह सदैव जनता के बीच रहकर एक सेवक की भांति सेवाभावना से कार्य करेंगे।
मूलभूत आवश्यकताओं के लिए तरस रहे कैण्ट वासी